कोटद्वार। नई पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। बच्चों को नशे के दल-दल से बाहर निकालने के लिए अभिभावकों को जागरूक होना होगा। स्कूल और पुलिस प्रशासन उन्हें इस कार्य में हरसंभव मदद करेंगे। यह बात एसएसपी जेआर जोशी ने एक गोष्ठी में कही।
पौड़ी पुलिस की ओर से शुक्रवार को कोटद्वार के महाराजा वेडिंग प्वाइंट में नशे के खिलाफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी ने कहा कि नई पीढ़ी में नशे की लत को छुड़वाने के लिए अभिभावकों को जागरूक होना पड़ेगा। कहा कि नशे से परिवार बर्बाद हो रहे हैं। अभिभावक जागरूक होंगे तो बच्चों से नशे की बुरी प्रवृत्ति स्वयं ही दूर हो जाएगी। पुलिस हर समय जनता के सहयोग के लिए तैयार है।
एएसपी डा. हरीश वर्मा ने कहा कि पुलिस अकेले ही नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा सकती है। इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। कहा कि यदि किसी मोहल्ले में नशे का कारोबार चल रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गुप्त रखा जाएगा। इस मौके पर सीओ जेआर जोशी, हंस कल्चरल सेंटर के प्रदेश प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट, इंटर कालेज मोटाढांक के प्रधानाचार्य जनार्दन बुड़ाकोटी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पंत, ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल, दुगड्डा नगर पालिका अध्यक्ष दीपक बड़ोला, महिला मंगल दल अध्यक्ष झंडीचौड़ पश्चिमी रामेश्वरी देवी, ग्राम प्रधान झंडीचौड़ पूरन चंद, सुधींद्र नेगी सहित कई संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव दिए।
-फोटो