कोटद्वार। भारत सरकार के ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत उज्ज्वला योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों की 31 महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन वितरित किए गए। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि उज्ज्वला योजना से जहां पर्यावरण संरक्षण का सपना साकार होगा, वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
शुक्रवार को बद्रीनाथ मार्ग स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित उज्ज्वला दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है। जरूरतमंद लोगों और खासकर महिलाओं को मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन वितरित करके यह कार्य पूरा किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, पेट्रोलियम कोआर्डिनेशन के जनरल मैनेजर निखिल कुमार, डीएसओ जगदीश वर्मा, एसडीएम राकेश तिवारी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा, शोभा बहुगुणा, सिद्धबली गैस एजेंसी संचालिका अनीता आर्य आदि मौजूद रहे।
उधर, काशीरामपुर भारत गैस ग्रामीण वितरक की ओर से गरीब परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन वितरित किए गए। बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री राजेंद्र अंथवाल ने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य महिलाओं को सशक्तिकरण करना है। कार्यक्रम में भाजपा के नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, भाबर मंडल अध्यक्ष मुकेश नेगी, गौरव ठाकुर, वीरेंद्र थलेड़ी, बबीता देवी व सुनीता देवी आदि मौजूद रहे।
-फोटो
75 लोगों को बांटे उज्जवला गैस कनेक्शन
सतपुली। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के पीआरओ राय सिंह नेगी ने एकेश्वर प्रखंड के श्रीकोटखाल कस्बे में प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना के तहत 75 लोगों को गैस कनेक्शन वितरित किए। शिवा गैस एजेंसी सतपुली के तत्वावधान में श्रीकोटखाल कस्बे में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीआरओ राय सिंह नेगी ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा में हर गरीब तक उज्ज्वला योजना का कनेक्शन पहुंचाया जाएगा। इससे महिलाओं और गरीबों के सिर से लकड़ी के गठ्ठर का भार कम हो सके। इस मौके पर ओएनजीसी के जीएम जितेंद्र मिश्रा, भाजपा के जिला महामंत्री नीरज पांथरी, कुसुम खंतवाल, गौरव धस्माना व रंजना बडोला समेत अनेक ग्रामीण मौजूद थे।