कोटनद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का नगर निगम के विरोध में मंगलवार को धरना प्रदर्शन जारी रहा। कहा कि नगर निगम बनाकर ग्रामीणों से अन्याय किया जा रहा है। लोगों ने भाबर क्षेत्र की मोटाढांक पट्टी की नंदपुर पटवारी चौकी और कलालघाटी पट्टी की हल्दूखाता पटवारी चौकी में धरना प्रदर्शन किया।
मंगलवार को यूकेडी के जिलाध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता पटवारी चौकियों में एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं कर रही है। यहां बनने वाले मेडिकल कालेज, कण्वाश्रम के लिए बनाई गई योजनाओं पर काम ठप है। भू माफियाओं के दबाव में भाबर की ग्रामीण जनता पर नगर निगम थोपा जा रहा है। उन्हें अनेक प्रकार के टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। ऐसे में आय के साधन नहीं होने से लोग टैक्स कहां से देंगे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री पुष्कर सिंह रावत, श्रवण सिंह रावत, सर्वेंद्र काला, विनोद नेगी, रानी डबराल, रेखा सकलानी, बीना जोशी, सचिदानंद, देवेंद्र सिंह, दर्शन सिंह नेगी, वाणी विलास, अनिल अग्रवाल, धर्म सिंह रौतेला, पवन गौड़, दीपक पोखरियाल, प्रभा देवी, अभा डबराल, सुरेशी देवी व पूनम अग्रवाल आदि मौजूद थे।