सतपुली। कल्जीखाल ब्लाक की 84 ग्राम पंचायतों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बनी चिनवाड़ी डांडा पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण में खामियों के बाबत शिकायतें आ रही थीं। इस पर शुक्रवार को कार्यदायी संस्था ने योजना मेें बने ओवर हेड टैंक को तोड़ दिया। कुछ दिन पूर्व जांच को पहुंचे पेयजल निगम के मुख्य अभियंता गढ़वाल वाईके मिश्रा ने योजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई थी।
चीफ इंजीनियर ने योजना के घंडियाल में निर्माणाधीन ओवर हेड टैंक के निर्माण में प्रयुक्त हो रहे रेत, बजरी व कंक्रीट की गुणवत्ता को स्तरहीन पाते हुए उच्च गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग करने की हिदायत निर्माण एजेंसी को दी थी। उन्होंने टैंकों में प्रयुक्त हुई सामग्री के सैंपल भी लिए थे। इस संबंध में पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह द्वारा गत 25 नवंबर को एक जांच बैठाई गई थी। एक सितंबर से शुरू हुए उक्त पेयजल योजना के निर्माण कार्य पर ग्रामीणों द्वारा शुरू से ही गुणवत्ता की कमी का आरोप लगाए जा रहे थे।
पेयजल निगम के मुख्य अभियंता गढ़वाल वाईके मिश्रा ने बताया कि योजना के निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।
-फोटो