कोटद्वार। तहसील सभागार में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ भेजा गया।
एसडीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में जल निगम की तीन, श्रम विभाग और जल संस्थान की दो-दो, समाज कल्याण और राजस्व विभाग से संबंधित पांच-पांच शिकायतें दर्ज हुईं। पार्षद सौरव नौडियाल ने क्षेत्र में किन्नर समुदाय के लोगों की ओर से की जा रही वसूली का मुद्दा उठाया।
ग्रामीण अब्दुल अजीज ने ग्रामसभा जुड्डा रौडियाल के राजस्व ग्राम गहड़ में पेयजल की समस्या की शिकायत की। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जल निगम ने पाइप लाइन को पाली और नींबू स्रोत से जोड़ने के बजाय जल संस्थान की मुख्य लाइन से जोड़ दिया है। इससे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमेश चंद्र पांथरी, राजस्व निरीक्षक मनोहर सिंह मौजूद रहे।