बैजरो। पसोल गांव निवासी एक महिला ने उसे बच्ची के साथ घर से निकालने का आरोप लगाते हुए अपने पति और ससुर के खिलाफ राजस्व निरीक्षक के पास मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
पटवारी के पास दी गई तहरीर में लक्ष्मी देवी ने कहा कि उसकी शादी 16 अप्रैल 2015 को लोदली गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। कुछ समय तो सब ठीक चला, पर अचानक उसके पति व ससुर ने उससे पांच लाख रुपये मायके से लाने की डिमांड रख दी। मना करने पर पति और ससुर ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और घर में प्रताड़ित करने लगे। बार-बार परेशान करने और मायके वालों से न मिलने देने के कारण उसके परिजनों ने जैसे तैसे डेढ़ लाख रुपये जुटा कर सास ससुर को दिए। कुछ दिन के बाद पति ने फिर से पांच लाख रुपये मांगते हुए उसे परेशान करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने एक बेटी को जन्म दिया तब जाकर ससुराल वालों ने उसे अपने मायके ग्राम पसोल जाने दिया। लगभग डेढ़ माह मायके रहने के बाद जब वह अपने ससुराल पहुंची तो ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और उसके साथ अभद्रता की। इससे निराश होकर वह अपनी बच्ची के साथ मायके आ गई। उधर, इस संबंध में राजस्व उपनिरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता लक्ष्मी देवी की ओर से उनको तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही जांच पूरी कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।