कोटद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी यूनियन का 12 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। दोपहर के बाद गढ़वाल परिक्षेत्र के महाप्रबंधक द्वारा फोन पर वार्ता के लिए बुलाए जाने पर कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।
बुधवार सुबह नजीबाबाद रोड स्थित जलसंस्थान कार्यालय में आलोक माहेश्वरी और नारायण सिंह धरने पर बैठे। उनके समर्थन में बैठे अन्य कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार थलेड़ी ने बताया कि दोपहर के बाद महाप्रबंधक द्वारा उन्हें चार अक्तूबर को वार्ता के लिए बुलाया गया। इस पर चार अक्तूबर की वार्ता तक आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने चेताया कि वार्ता विफल होने पर पांच अक्तूबर से फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर नरेंद्र चौहान, सुभाष बड़थ्वाल, मेहरबान सिंह नेेगी, दिनेश रावत, धनवीर सिंह नेगी, रमेश नेगी, खूब सिंह, कमल बिष्ट, किशोरी खंतवाल, श्रीधर नेगी, सत्यपाल व प्रदीप विलियम आदि मौजूद थे।