कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से 3696 मतदाताओं के लिए 11 बूथ बनाए गए थे। भारी पुलिस बल की सुरक्षा में छात्र-छात्राओं ने लाइन पर लगकर अपने मतों का प्रयोग किया।
शनिवार को सुबह आठ बजे से महाविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर वोट डालने के लिए छात्र-छात्राओं की लाइन लग गई थी। शिक्षकों ने परिचय पत्रों की जांच के बाद एक एक कर छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के अंदर प्रवेश दिया। इस बीच कई छात्रों ने बिना परिचयपत्र के महाविद्यालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उनको वहां से हटा दिया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से महाविद्यालय तक बैनर व पोस्टरों से पटा रहा।
महाविद्यालय में बूथ नंबर एक से पांच तक श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए मतदान केंद्र बनाया गया था, जिसमें बीए, बीएससी, बीकॉम के पहले सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने पहली बार वोट डाला। बूथ नंबर छह से 11 तक गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए बनाया गया था। छात्र-छात्राओं ने लाइन पर लगकर शांतिपूर्वक मतदान किया। दोपहर बाद एक बजे मतदान बंद कर दिया गया।
-फोटो