यमकेश्वर/कोटद्वार। पौड़ी जिले के यमकेश्वर तहसील के किमसार गांव में और कोटद्वार भाबर के दुर्गापुर में अंग्रेजी शराब की दुकान के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शराब नहीं पानी दो, शराब नहीं सड़कें दो, जैसे नारे लगाकर सरकार पर पूरे क्षेत्र को शराब के नशे में धकलने का आरोप लगाया। किमसार की दुकान के विरोध में यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी भी सड़क पर उतर आईं।
किमसार में अंग्रेजी शराब के ठेके को निरस्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को स्वाभिमान मोर्चा ने बिथ्याणी से लेकर यमकेश्वर तहसील तक रैली निकाली। तहसील में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। शराब के ठेके को निरस्त करने के लिए प्रदर्शनकारी तहसील परिसर भवन पर चढ़ गए तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी तथा स्वाभिमान मोर्चा यमकेश्वर के अध्यक्ष अमित देवरानी ने तहसीलदार यमकेश्वर राजेंद्र प्रसाद जखमोला के माध्यम से उपजिलाधिकारी यमकेश्वर को ज्ञापन दिया। इसमें डाडामंडल किमसार में शराब का ठेका खोलने का विरोध दर्ज कराया गया। यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी ने किमसार में स्वीकृत शराब के ठेके को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए डीएम पौड़ी से वार्ता की है।
धरना-प्रदर्शन करने वालों में कनिष्ठ ब्लाक प्रमुख यमकेश्वर सुशील सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीला महावीर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान कांडा मोहन सिंह, संदीप राणा, दुर्गेश ममगाईं, संजय थपलियाल, अनूप थपलियाल, हरिबल्लभ उनियाल, कविता देवी, मालती देवी, शाकंबरी देवी आदि शामिल रहे।
उधर, कोटद्वार भाबर के दुर्गापुर में क्षेत्रीय महिलाओं ने शराब की दुकान के विरोध में हंगामा काटा। धरना-प्रदर्शन में पूर्व प्रधान तेजपाल सिंह, महिला मंगल दल उपाध्यक्ष सुनीता ध्यानी, सरिता देवी, उषा देवी, अनिता राय, अंजना रावत, उषा देवी व राजेश्वरी देवी समेत कई महिलाएं मौजूद थीं।
फोटो समाचार
नोट-कृपया यमकेश्वर और दुर्गापुर दोनों स्थानों की फोटो लगाएं ताकि बैलेंस हो जाय।