कोटद्वार (ब्यूरो)। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार से डाक्टरों के तबादले और बदहाल होती स्वास्थ्य सेवाओं ने नाराज महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार की सड़कों पर जुलूस निकाला और तहसील में प्रदर्शन कर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं चाकचौबंद करने की मुख्यमंत्री से मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत के नेतृत्व में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में एकत्र हुईं। उन्होंने झंडे और बैनरों के साथ मालगोदाम रोड से झंडाचौक, बदरीनाथ रोड होते हुए तहसील तक जुुलूस निकाला। तहसील में प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।
इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पौड़ी जिले की तीन चौथाई जनता को स्वास्थ्य सेवाएं देता है, लेकिन प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण अस्पताल से तीन महत्वपूर्ण डाक्टरों का तबादला कर दिया गया। उनके स्थान पर अन्य डाक्टर की तैनाती नहीं की जा रही है। यही नहीं, अस्पताल में बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विश्वस्तर की मशीनों को स्थापित किया गया है, लेकिन उनके संचालन के लिए तकनीकी स्टाफ की भी तैनाती नहीं की गई है। अस्पताल में जीवन रक्षक टीकों और दवाओं का लगातार अभाव बढ़ता जा रहा है। इसके कारण अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में आए दिन लोगों की मौत हो रही है।
उन्होंने कोटद्वार अस्पताल में शीघ्र रिक्त पदों पर डाक्टरों और तकनीकी स्टाफ की तैनाती करने, अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने, रेडक्रॉस द्वारा संचालित दवा केंद्र की स्थापना करने व स्वास्थ्य स्टाफ के लिए आवासीय भवनों का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की ब्लाक अध्यक्ष अंजू पुंडीर, सुधा असवाल, सुनीता डबराल, विनीता देवी, कुसुम असवाल, लता शाह, लक्ष्मण सिंह रावत, दर्शन सिंह रावत, मातवर सिंह रावत, केशर सिंह चौहान, सतेंद्र सिंह नेगी, दिलवर सिंह बिष्ट, अर्जुन सिंह पुंडीर, सतेंद्र सिंह राणा व शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद थे।
-फोटो