कोटद्वार (ब्यूरो)। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ के साथ हुई अभद्रता के खिलाफ हुए मुकदमों पर अभी तक कार्रवाई नहीं होने पर वन कर्मी भड़क गए हैं। उन्होंने 25 जुलाई से पूर्ण रूप से हड़ताल और तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को वन अधिकारी कर्मचारी संघर्ष समिति की बैठक में समिति के मंत्री संजय कुमार सागर ने पुलिस-प्रशासन पर लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ के साथ 29 जून को हुई गाली गलौच और धक्का मुक्की के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से वन क्षेत्र में अवैध निर्माण कराया जा रहा था, जिसे कोर्ट के आदेशानुसार तोड़ा गया है। इसके बाद कुछ लोगों ने डीएफओ के साथ अभद्रता की, जिसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज करा दी गई थी, लेकिन आज तक उन लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने चेताया कि 17 जुलाई तक कार्रवाई नहीं होने पर एक सप्ताह के लिए कार्यबहिष्कार और उसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 25 जुलाई से पूूरी तरह से वन कार्यों से विरत रहेंगे। इस दौरान लैंसडौन वन प्रभाग की पांचों रेंजों के जंगल में अवैध पातन, अवैध आखेट और अवैध खनन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।