बोर्ड परीक्षाओं के लिए पूरे गढ़वाल मंडल में जहां 768 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, पौड़ी जिले में 160 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 102 केंद्रों को संवेदनशील और 22 केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।
मंडलीय अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक रामकृष्ण उनियाल ने बताया कि गढ़वाल में इस बार हाईस्कूल और इंटर मीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 165821 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें 90088 परीक्षार्थी हाईस्कूल के और 75733 इंटरमीडिएट के शामिल हैं। एक फरवरी को बोर्ड परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। बोर्ड से अभी मुख्य परीक्षाओं की तिथि घोषित नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मंडल में इस बार 768 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पौड़ी जिले के 160, हरिद्वार के 82, देहरादून के 138, उत्तरकाशी के 66, टिहरी के 152, चमोली के 104, रुद्रप्रयाग 66 केंद्र शामिल हैं। मंडल में 102 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील, 22 केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।
मंडल में सर्वाधिक 26 संवेदनशील केंद्र चमोली जिले में है। इसके अलावा हरिद्वार में 22, देहरादून में 11, उत्तरकाशी में 10, टिहरी में 15, पौड़ी में 6 और रुद्रप्रयाग में 12 परीक्षा केंद्र संवेदनशील है। मंडल में आठ परीक्षा केंद्र हरिद्वार में, चार टिहरी में, सात पौड़ी में और तीन रुद्रप्रयाग अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। उन्होंने बताया बोर्ड से परीक्षा की तिथि घोषित होते ही केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।