कोटद्वार। भारत स्वाभिमान न्यास और युवा भारत योग समिति की ओर से रतनपुर कुंभीचौड़ में साप्ताहिक युवा योग विज्ञान एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें योगासनों का अभ्यास कराया गया। साधकों ने योग के माध्यम से स्वयं और समाज को स्वस्थ रखने का संकल्प लिया।
रविवार को कुंभीचौड़ स्थित पंचायत घर में आयोजित साप्ताहिक युवा योग विज्ञान एवं ध्यान शिविर का समाजसेवी सुनीता कोटनाला ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी वह अपने समाज और देश के विकास में सहभागिता कर पाएगा। उन्होंने युवाओं से भारत को एक नई पहचान दिलाने के लिए अपने अंदर छिपी प्रतिभा को निखारकर देश हित में लगाने की अपील की।
इस अवसर पर योग विशेषज्ञों ने साधकों को प्राणायाम, कपालभाती, भ्रामरी व सूर्य नमस्कार आदि योगासनों का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान न्यास के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमित सजवाण, जिला प्रभारी विजय नौटियाल, युवा प्रभारी विजय पाल नेगी, किरन डंडरियाल, आकाश जखवाल, सरिता रावत, दीपिका मैंदोला, ऊषा असवाल, रश्मि केडियाल, आशा रावत, ममता भंडारी, मनीष घनसेला, जय प्रकाश रावत व महावीर बिष्ट आदि उपस्थित रहे।