कोटद्वार। दुगड्डा-धुमाकोट मार्ग पर बृहस्पतिवार रात को सेंधीखाल से दो किमी आगे एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। ट्रक में सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है।
दुगड्डा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि एक ट्रक कोटड़ीसैंण से सामान छोड़कर रात दस बजे कोटद्वार लौट रहा था। इस बीच दुगड्डा-धुमाकोट मार्ग पर सेंधीखाल से दो किमी आगे ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोटद्वार थाना, दुगड्डा चौकी पुलिस, लैंसडौन थाना पुलिस व लैंसडौन के तहसीलदार मय राजस्व पुलिस व एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और एसडीआरएफ ने तीनों घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। सूचना पर पहुंची 108 आकस्मिक सेवा वाहन में मौजूद चिकित्सक ने घायल हरेंद्र गुसाईं (50) पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम डाबर कोटड़ीसैंण रिखणीखाल को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि ट्रक चालक रमेश बलूनी (45) पुत्र मायाराम बलूनी निवासी ग्राम दबड़ा (सिलोगी), पट्टी मल्ला ढांगू विकासखंड द्वारीखाल ने अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल कमल रोकाया (40) पुत्र मोतीराम रोकाया ग्राम डांढीकांत जिला दहिखेत, नेपाल को यहां बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र ने बताया कि पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
कोटद्वार के कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि रात को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस फोर्स को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था।
-फोटो