धुमाकोट/बीरोंखाल। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए गंभीर होकर काम कर रही है। इसके लिए जहां होम स्टे पर्यटन विकास योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं पिरूल से बिजली बनाने की योजना को शुरू किया गया है। ये दोनों योजनाएं पहाड़ में समृद्धि लाएंगी। सीएम ने पर्वतीय क्षेत्र के काश्तकारों का आह्वान किया कि वे अपनी आर्थिकी मजबूत करने के लिए कंडाली और भांग की औषधीय खेती को अपनाएं और स्वरोजगार का जरिया बनाएं। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नैनीडांडा और बीरोंखाल पहुंचने पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत का भाजपाइयों व स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री पहले बीरोंखाल के बजाय नैनीडांडा पहुंचे। यहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित नैनीडांडा पेयजल पंपिंग योजना का लोकार्पण किया। जनता इंटर कॉलेज नैनीडांडा के प्रांगण में आयोजित जनसभा में सीएम ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के हर इलाके के विकास के साथ आम लोगों के लिए बेहतर योजनाएं संचालित कर रही है। कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ की अवधारणा को सार्थक करने का प्रयास कर रही है। केंद्र व राज्य सरकार निरंतर यह प्रयास कर रही हैं कि कोई भूखा न रहे। हर किसी को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। कोई भी अशिक्षित व बेरोजगार न रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह रावत ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सीएम के समक्ष पढ़ा और उनके निराकरण के लिए घोषणा करने की मांग की। सभा को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने भी संबोधित किया।
नैनीडांडा के बाद मुख्यमंत्री बीरोंखाल पहुंचे। यहां क्षेत्रीय विधायक और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सीएम को भगवान गणेश की मूर्ति भेंटकर स्वागत किया। प्राथमिक विद्यालय बीरोंखाल में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार पहाड़ों के विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। यहां मुख्यमंत्री ने बीरोंखाल की जनता को स्यूंसी से वेदीखाल और जोगीमणी के लिए पंपिंग पेयजल योजना की सौगात दी। सीएम ने इस मौके पर कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख कविता पोखरियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेम सिंह, जेपी सेमवाल, दर्शन सिंह रिंगोड़ा, ओमप्रकाश बिष्ट व मुकेश पोखरियाल आदि मौजूद थे।
-फोटो