कोटद्वार। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लैंसडौन की ओर से सोमवार को प्रदेश सरकार की आशीर्वाद योजना के तहत जीआईसी कोटद्वार में आयोजित रोजगार मेले में 123 युवा लिखित परीक्षा में सम्मिलित हुए। लिखित परीक्षा के बाद युवाओं का साक्षात्कार द्वारा चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एनटीटीएफ पंतनगर में अशोक लेलैंड कंपनी की ओर से चार वर्षीय ऑटो मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग डिप्लोमा कोर्स कराया जाएगा।
सेवायोजन अधिकारी सुशील चंद्र चमोली ने बताया कि रोजगार मेले में 155 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 123 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सम्मिलित हुए। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान चयनित युवाओं को प्रथम वर्ष में आठ हजार पांच सौ रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा और इसके बाद प्रतिवर्ष दो हजार रुपये की वेतन वृद्धि की जाएगी। इसके अलावा कैंटीन, ट्रांसपोर्ट, यूनिफार्म, चिकित्सा सुविधा और स्टडी मैटीरियल आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस मौके पर अशोक लेलैंड कंपनी के रिक्रूमेंट मैनेजर संजीव पाल, एचआर अनिल स्वर्णकार, बीसी जोशी, एनटीटीएफ के मैनेजर कृष्णा और कौशल, सेवा योजन कार्यालय के प्रदीप सिंह, विकास कुमार व अनुभवा जैन आदि मौजूद रहे।
-फोटो