कोटद्वार। महिला पतंजलि योग पीठ की ओर से भाबर क्षेत्र के उमरावनगर में आयोजित योग शिविर में गृहणियों को योग के माध्यम से शारीरिक-मानसिक थकान और गृहकार्य में ध्यान केंद्रित करने के गुर सिखाए गए।
शनिवार को उमरावनगर मैदान में आयोजित योग शिविर में योग प्रशिक्षिका वंदना थपलियाल ने गृहणियों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने महिलाओं को कपाल भाती, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार और मानसिक तनाव दूर करने के लिए मेडिटेशन का अभ्यास कराया। इस अवसर पर वंदना थपलियाल ने कहा कि महिलाएं दिनभर चूल्हा चौका की चिंताओं में रहती हैं। इसके कारण उनमें कमर दर्द, माइग्रेन, नसों का दर्द, गैस जैसी बीमारियां आम हो जाती हैं। महिलाएं अगर अपनी दिनचर्या में से कुछ समय योग के लिए निकालें तो उन्हें इन सभी बीमारियों से हमेशा के लिए निजात मिल सकती है। इसको देखते हुए उमरावनगर के मैदान में गृहणियों के लिए विशेषकर योग की नियमित कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर सतेश्वरी गुसाईं, सुधा रावत, उर्मिला देवी, चंदा रावत, रोशनी, दीपा देवी, तनु, संध्या, रेनू, पूजा देवी, द्रोपदी देवी आदि मौजूद थी।
-फोटो