धुमाकोट/कोटद्वार। बृहस्पतिवार दोपहर बाद धुमाकोट और नैनीडांडा क्षेत्र में आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। इस बीच तेज हवाओं से जडाऊखांद में एक पेड़ टूटकर दुकान के ऊपर जा गिरा, गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बारिश से क्षेत्र का मौसम सुुहाना हो गया। आंधी के चलते क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है। कोटद्वार में भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर तेज हवाएं चलती रहीं।
क्षेत्र में गत दो दिनों से उमस भरी गर्मी पड़ रही थी। बृहस्पतिवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था, लेकिन फिर धूप खिलने से लोग चिलचिलाती गर्मी से परेशान रहे। दोपहर बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला शाम को करीब चार बजे आंधी तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश जारी रही। इससे क्षेत्र में पारा लुढ़क गया और लोगों को गर्मी से निजात मिल गई। तेज हवाओं के चलते जडाऊखांद में एक पेड़ टूटकर दुकान के ऊपर जा गिरा, जिससे दुकान की छत को नुकसान पहुंचा है।
-फोटो