दुगड्डा। नगर पालिका परिषद की बैठक में नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाए जाने पर जोर दिया गया। बैठक में अनेक विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्व पारित किए गए। नगर पालिका अध्यक्ष ने नगर की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष भावना चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में नगर पालिका के सभी वार्डों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता बनाए रखने पर चर्चा की गई। लंगूरगाड़ और सिलगाड़ नदियों में बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाने पर सहमति जताई गई।
बैठक में नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए समस्त भवन स्वामियों व व्यापारियों को होटल आदि में निशुल्क कूड़ेदान वितरित किए जाने, नदी के तटबंधों में सुरक्षा दीवार व रेलिंग बनाए जाने, सार्वजनिक स्थल गांधी चौक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट कोल्ड वाटर टैंक स्थापित किए जाने, गांधीचौक के निकट जीर्णशीर्ण धर्मशाला का पुनर्निर्माण किए जाने, बंदरों से नगरवासियों को निजात दिलाने, बेसहारा पशुओं के संरक्षण के लिए गोशाला के निर्माण के लिए भूमि चयन किए जाने, नगर क्षेत्र में निर्मित शौचालयों की मरम्मत किए जाने के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आउटसोर्स से नगरपालिका मेें तैनात आठ पर्यावरण मित्रों ने मासिक पगार में वृद्धि को लेकर बोर्ड की बैठक में मांग रखी।
इस अवसर पर सभासद दीपक ध्यानी, आशा देवी, अनीता गौड़ व ईओ हर्षवर्द्धन सिंह रावत आदि मौजूद थे।