कोटद्वार। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर विद्यालयों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को धूम्रपान और अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
बलूनी पब्लिक स्कूल मोटाढांक में गढ़वाल सभा की ओर से आयोजित चार दिवसीय छात्र उन्नयन ग्रीष्मकालीन विशेष शिविर में एनएसएस के गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी नेे बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 1981 से प्रत्येक वर्ष 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। तब से यह दिवस मनाया जा रहा है। कहा कि पूरे विश्व में साठ लाख लोग प्रतिवर्ष धूम्रपान करने और तंबाकू के अन्य उत्पादों के सेवन से होने वाली बीमारियों से मरते हैं, जिसमें से 10 लाख लोग प्रतिवर्ष भारत में मरते हैं। जीआईसी कालौं के कार्यक्रम अधिकारी परितोष रावत ने कहा कि तंबाकू से दांत, होंठ, मुंह, गले और पेट की बीमारियों के साथ ही कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां होती हैं। कार्यशाला में जीजीआईसी कलालघाटी, जीआईसी कण्वघाटी, इंटर कालेज मोटाढांक, आर्य कन्या इंटर कालेज कोटद्वार, जीआईसी चौबट्टाखाल, एसजीआरआर दिउला पौखाल और इंटर कालेज यमकेश्वर की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर गढ़वाल सभा के अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत, शिविर संयोजक गोविंद डंडरियाल, बलूनी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, कार्यक्रम अधिकारी मंजू कपरवाण, राजेश कुमार ध्यानी, शशि भूषण अमोली व प्रधानाचार्य जनार्द्धन बुड़ाकोटि आदि मौजूद रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकाली रैली
दुगड्डा/लैंसडौन। बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च की सामाजिक संस्था ब्रिज ऑफ होम दुगड्डा की ओर से विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की अपील की गई। उधर, लैंसडौन में भी लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई।
सुभाष बाजार वार्ड स्थित संस्था के कार्यालय में मैथोडिस्ट चर्च के पास्टर विकास कुमार और पास्टर नरेंद्र हमिल्टन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान बच्चे तंबाकू से नाता तोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो, तंबाकू की आदत, कैंसर को दावत आदि नारे लगा रहे थे। संस्था की कोआर्डिनेटर शालिनी सिंह ने युवाओं से तंबाकू का सेवन नहीं करने की अपील की। रैली के बाद बच्चों ने धूम्रपान और तंबाकू से होने वाले नुकसान को चित्रों में उकेरकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट कराया। इस मौके पर संस्था के पायलट मांझी, अनुष्का, बृजेश राना, यशपाल, आशा व अनु आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार आर्मी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नगर में तंबाकू के खतरों से लोगों को आगाह करते हुए जनजागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों से इसके सेवन से दूर रहने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया।
आर्मी स्कूल से शुरू होकर रैली नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। रैली में नारों व पोस्टरों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। रैली के दौरान छात्र-छात्राएं नारे और स्लोगन लिखी तख्तियां साथ लिए हुए थे। इससे पूर्व विद्यालय में आयोजित भाषण व कविता के माध्यम से तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की तरफ छात्रों का ध्यान आकृष्ट कराया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य बिजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने कहा कि भावी पीढ़ी को तंबाकू व अन्य किसी भी तरह के नशे से दूर रहकर अपने उज्जवल भविष्य बनाने के लिए तत्पर रहना चाहिए। इस मौके पर मनोज कुमार, श्वेता कठैत, प्रशांत थापा व गोविंद सिंह आदि शिक्षक शामिल रहे।
-फोटो