कोटद्वार/सतपुली। पौड़ी संसदीय सीट से नवनिर्वाचित सांसद तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले कोटद्वार में श्रीसिद्धबली मंदिर पहुंचकर सिद्धबाबा के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने नगर आगमन पर उनका ढोल नगाड़ों और फूलमालाओं से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में विजय जुलूस निकालकर खुशी मनाई। इससे पूर्व सतपुली में भी उनका कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
पौड़ी संसदीय सीट से नवनिर्वाचित सांसद तीरथ सिंह रावत सबसे पहले सिद्धबली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीसिद्धबली मंदिर में सिद्धबाबा के दर्शन किए। इस मौके पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह भाजपा के बद्रीनाथ मार्ग स्थित जिला कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं का संघर्ष और मेहनत रंग लाई और उन्हें ऐतिहासिक जीत मिली। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया। कहा कि जनता ने मोदी के पांच वर्षों के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक कार्यों को सराहा और पूरे देश में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि वह जनता के प्रतिनिधि हैं और सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नगर में विजय जुलूस निकाला और जमकर आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस मौके पर जिला अध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, महामंत्री बीरेंद्र रावत, सांसद तीरथ सिंह रावत की पत्नी रश्मि रावत, पौड़ी के विधायक मुकेश कोहली, उमेश त्रिपाठी, मुकेश नेगी, शांति पाठक, गीता बुड़ाकोटी, पार्षद गायत्री भट्ट, सौरभ नौडियाल, कैलाश थलेड़ी, नगर अध्यक्ष सुनील गोयल व महामंत्री पंकज भाटिया आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व नवनिर्वाचित गढ़वाल सांसद तीरथ रावत ने सतपुली में मतदाताओं का आभार जताया। पौड़ी से दिल्ली जाते समय कुछ देर के लिए सतपुली में रुके गढ़वाल सांसद ने सतपुली बस अड्डे एवं थाना मोहल्ले में विजय जुलूस निकाल मतदाताओं का आभार जताया। जुलूस में नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, मंडल अध्यक्ष ललित मोहन खंतवाल, देवेंद्र गौड़, महेश मिश्रा व उपेंद्र नेगी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
-फोटो