कोटद्वार। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के बुधवार को कोटद्वार आगमन के दौरान मेयर हेमलता नेगी समेत विभिन्न संगठनों की ओर से उन्हें ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की मांग की ।
मेयर हेमलता नेगी ने मुख्यमंत्री से जंगली जानवरों से निजात दिलाने के लिए ठोस उपाय करने, बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करने, स्मैक पर रोक लगाने, पेयजल की दरों में की गई बढ़ोत्तरी को वापस लेने, केंद्रीय विद्यालय का निर्माण, लालढांग मोटर मार्ग और कोटद्वार कालागढ़ मार्ग का निर्माण कराने, डीडीए को समाप्त करने की मांग की। पार्षद सौरव नौडियाल ने मोटाढांक स्थित मिनी स्टेडियम में खेल प्रशिक्षक की नियुक्ति करने की मांग की। नगर निगम के पार्षदों ने सीवर लाइन का विस्तारीकरण करने, भाबर क्षेत्र की सड़कों का निर्माण कराने, मुख्य सड़कों में स्ट्रीट लाइटें लगाने, आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने, नगर निगम में नई नियुक्तियां करने, संविदा पर कार्यरत कर्मियों को स्थायी नियुक्ति देने, स्थायी नगर आयुक्त की तैनाती सहित कई मांग उठाई। गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड ने प्राइवेट कैरेज वाहनों के किराए में वृद्धि करने की मांग की।
सीएम ने कोटद्वारवासियों को दी कई सड़कों और पुलों के निर्माण की सौगात
कोटद्वार। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को कोटद्वार विधानसभा के लिए विकास योजनाओं की झड़ी लगा दी है। सीएम ने जहां नगर निगम क्षेत्र में कई सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया, वहीं कोल्हू नदी पर पुल निर्माण, पनियाली-मवाकोट मार्ग पर ग्वालगढ़ और सुखरो नदियों पर पुल निर्माण का भी शिलान्यास किया। बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की घोषणा और शिलान्यास से विधानसभा क्षेत्र के भाजपाइयों ने खुशी जताई है।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
राज्य योजना के अंतर्गत ग्राम सभा दुर्गापुर के श्री ताड़केश्वर नगर में विभिन्न संपर्क मार्गों एवं पदमपुर मोटाढांक के अंतर्गत सुर्जी वेडिंग प्वाईंट से मोहन नगर तक पीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण कार्य लागत 4.190 लाख। राज्य योजना के अंतर्गत लालढांग-चिलरखाल मोटरमार्ग सुदृढ़ीकरण कार्य के अंतर्गत चमरिया स्रोत पर 20 मीटर आरसीसी सेतु का निर्माण कार्य लागत 250.60 लाख।
.
इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
राज्य योजना के तहत स्व. चंद्रमोहन सिंह नेगी बेसचिकित्सालय से मेडिकल कालेज कलालघाटी तक मोटर मार्ग में 20 मीटर और 90 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी सेतु निर्माण कार्य, लागत 182.66 लाख, स्व. चंद्रमोहन सिंह नेगी बेस चिकित्सालय से मेडिकल कालेज कलालघाटी तक मोटर मार्ग
में 90 मी. स्पान डबल लेन आरसीसी सेतु का निर्माण कार्य, लागत 482.32 लाख, राज्य योजना के अंतर्गत कोटद्वार-कालागढ़-पाखरो मोटर मार्ग का पीसी द्वारा नवीनीकरण, लागत 188.05 लाख, एससीएसपी योजना के अंतर्गत कौड़िया- काशीरामपुर के विभिन्न मार्गों का इंटर लॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्माण कार्य, लागत 143.31 लाख, राज्य योजना के अंतर्गत विशनपुर मुख्य सड़क से रतनपुर-जीतपुर के रौले तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य, लागत 154.07 लाख, राज्य योजना के अंतर्गत लालपानी क्षेत्र में विभिन्न मोटर मार्गों का पीसी एवं इंटर लॉकिंग टाइल्स द्वारा सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 101.18 लाख, राज्य योजना के अंतर्गत दुर्गापुर के अंतर्गत श्रीताड़केश्वर नगर में विभिन्न संपर्क मार्गों का पीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण का कार्य। लागत 110.04 लाख, राज्य योजना के अंतर्गत मनकामेश्वर मंदिर-कुंभीचौड़ तिराहा-लालपानी-स्नेह मोटर मार्ग का पीसी एवं इंटर लॉकिंग टाइल्स द्वारा सुदृढ़ीकरण का कार्य, लागत 279.94 लाख।
.
ग्रास्टनगंज में उतरा मुख्यमंत्री का हैलीकाप्टर
कोटद्वार। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत का हेलीकाप्टर ठीक 3.58 मिनट पर ग्रास्टनगंज स्थित हैलीपैड में उतरा। यहां पर मुख्यमंत्री की अगवानी वन मंत्री के ओएसडी विनोद रावत, अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र अणथ्वाल, भाजयुमो अध्यक्ष अमित भारद्वाज ने की। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री का काफिला सभास्थल के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को बाइक रैली और काफिले के साथ सभास्थल तक लाए।
.
.
मालवीय उद्यान में राजमार्ग पर लगा रहा जाम
कोटद्वार। मुख्यमंत्री के कोटद्वार आगमन के दौरान हेलीपैड से लेकर सभास्थल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिंडा रोड, पनियाली, डिग्री कालेज रोड और टाटा और तहसील तिराहे पर वाहनों को रोककर पार्क कराया गया। काफिले के निकलने के बाद ही इस मार्ग पर यातायात सुचारू हो पाया। मार्ग पर झंडाचौक से तहसील चौराहे तक मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई थी। रूट डायर्वट कर वाहनों को पटेल मार्ग से तहसील चौराहे पर राजमार्ग पर आवाजाही कराई गई।