यमकेश्वर। अजमीर-उदयपुर गेंद मेला एवं विकास समिति थलनदी की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को क्वार्टर फाइनल के मैच खेले गए। इसमें पौखाल और पॉलीटेक्निक थलनदी ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सोमवार को राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज थलनदी के खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल मैच हर्षू और अचानक क्लब पौखाल के बीच में खेला गया। हर्षू के कप्तान अनिल ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मैदान में उतरी हर्षू की टीम पौखाल के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाई और 12वें ओवर में 40 रन बनाकर आल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने के मैदान में उतरा अचानक क्लब पौखाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी के बदौलत 5.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अचानक क्लब पौखाल के रमजा को 11 रन बनाकर दो विकेट लेने पर मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। दूसरा क्वार्टर फाइनल का मैच किमसार कांडाखाल क्लब और राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज थलनदी के बीच में खेला गया। किमसार कांडाखाल के कप्तान दीपक ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। किमसार कांडाखाल की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 68 रन बनाए। जवाब में राजकीय पॉलीटेक्निक कालेज थलनदी की टीम ने 12वें ओवर में आठ विकेट खोकर 69 रन बनाकर मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। थलनदी के विनय को नाबाद 45 रन की पारी के लिए मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जयहरी राजबीर सिंह नेगी, मनीष भंडारी, संदीपकांत, दीपक चंद्रा, महेश गौड़ व अमित सिंह आदि उपस्थित थे।