कोटद्वार। कोटद्वार को अलग जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से कोटद्वार को अविलंब जिला घोषित कर यहां डीएम और एसएसपी की तैनाती करने की मांग की।
शनिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने कोटद्वार को अलग जिला बनाने के समर्थन में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पूर्व प्रदेश सरकारों पर कोटद्वार क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि क्षेत्रीय जनता वर्षों से पौड़ी की भौगोलिक परिस्थितियों से परेशान होकर कोटद्वार को नया जिला बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पूर्व की कांग्रेस और वर्तमान की भाजपा सरकार जनभावनाओं की अनदेखी कर रही है। दोनों राजनीतिक दलों ने कोटद्वार को जिला बनाने के नाम पर लोगों से वोट मांगे और जीतने के बाद लोगों की महत्वपूर्ण मांग को किनारे कर दिया। प्रदेश सरकार अगर अभी भी कोटद्वार को जिला नहीं बनाएगी तो आने वाले लोक सभा चुनाव में उसे यहां की जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने सरकार से कोटद्वार को जिला बनाने के लिए सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पंकज कुमार भट्ट, मुकेेश कबटियाल, आशुतोष कुकरेती, प्रमोद राणा, इंद्रेश भाटिया, संजीव सिंह, आशुतोष देवरानी, दीपक रावत, अशोक कुकरेती, परमानंद आदि मौजूद थे।
जारी- नरेश