यमकेश्वर। एसडीएम किशन सिंह नेगी ने मंगलवार को यमकेश्वर ब्लाक के विभागीय कार्यालयों और सरकारी स्कूलों में छापे मारे। इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भृगुखाल में दो चिकित्सक और बाल विकास एवं आंगनबाड़ी कार्यालय कांडी में बाल विकास अधिकारी स्वयं नदारद मिले। मामले में एसडीएम ने रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेज दी है।
मंगलवार को एसडीएम किशन सिंह नेगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भृगुखाल, बाल विकास एवं आंगनबाड़ी कार्यालय कांडी, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कांडी के अतिरिक्त विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में हाजिरी रजिस्टर देखने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भृगुखाल में एक आयुर्वेदिक और एक एलोपैथिक चिकित्सक अस्पताल में अनुपस्थित मिले। बाल विकास एवं आंगनबाड़ी कार्यालय कांडी में बाल विकास अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय कस्याली, राजकीय प्राथमिक विद्यालय थलनदी, प्राथमिक विद्यालय थनूर, प्राथमिक विद्यालय कांडी, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कांडी का भी औचक निरीक्षण किया। इसमें सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उपजिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों तथा प्राथमिक विद्यालयों में औचक निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी पौड़ी को भेज दी है।