कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के दिखेत गांव में भागवत कथा के समापन पर आयोजित मां भगवती के जागरण में जय मां संगीत मंडली के लोक कलाकारों ने भजनों से समा बांधा।
स्व. विक्रम सिंह की पुण्य स्मृति में आयोजित भागवत कथा के समापन पर मां भगवती का जागरण किया गया, जिसमें जय मां संगीत मंडली के कलाकारों ने समा बांधा। लोक गायिका सरोज रावत ने आओ भक्तों आओ मां की ज्योत जलाएं..., मेरी देवी ज्वाला सौंजण्या दे मिलाई.., माता शेर मां.. आदि भजनों से लोगों को भाव-विभोर कर दिया। लोक गायक रिंकू शर्मा, शिवानी घिल्डियाल ने त्रिजुगी नारैण.., दैणां होइयां खोली का गणेशा.. आदि प्रस्तुति ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। योगेश और साथी कलाकारों ने मैय्या देने वाली है.., जय बद्री केदारनाथ आदि भजनों की प्रस्तुतियां देकर मां का गुणगान किया।