कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय रिखणीखाल में नवनिर्मित स्थापना भवन और शौर्य दीवार का उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत और लैंसडौन विधायक दिलीप रावत ने संयुकत रूप से लोकार्पण किया। उन्होंने उच्च शिक्षा का स्तर बढ़ाने को महाविद्यालयों की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत ने रिखणीखाल महाविद्यालय का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय भारत सिंह रावत के नाम पर करने की घोषणा भी की। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह एवं विधायक दिलीप रावत ने महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, पुस्तकालय, फर्नीचर और शिलापट्ट निर्माण के लिए आठ लाख रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेश कुमार जोशी, डॉ. डीएस नेगी, डॉ. बीपी उनियाल, डॉ. संगीता मिश्रा, अनूप रावत, सुरजीत कंडारी, अनूप रावत मौजूद रहे।