कोटद्वार। श्री सिद्धबली बाबा महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित गढ़वाली भजन संध्या सोनिया आनंद रावत के नाम रही। सोनिया ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजनों की प्रस्तुतियों और भगवान की झांकियों पर झूमते रहे।
शनिवार को सिद्धबली मंदिर प्रांगण में भजन संध्या में सोनिया आनंद, साथी गायकों और रंग कर्मियों की झांकियों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। भजन संध्या में गायक रवि व्यास ने हेमवंत देश होला त्रिजुगिनारैण..भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सोनिया आनंद ने अपने भजनों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय कर दिया। उन्होंने संकट हरने वाले को बजरंगबली हनुमान कहते है... छम छम नाचे मेरा बीर हनुमाना.., नारैणी मेरी दुर्गा भवानी.., नंदा देवी राजजात.., बंसी बजैकि कन्हैया..., दैणा हुयां बाबा वीर बजरंगी.., चलो चलो भक्तो, सिद्धबली के धाम.., आदि भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गायक सूर्यपाल श्रीवाण ने माता भगवती का जागर, नरसिंह के जागरों की प्रस्तुति दी। जिस पर कई श्रद्धालुओं में देवता प्रकट होकर नाचने लगे। गायक रवि व्यास ने पार न लगे श्री राम के बिना..और त्रिजुगी नारेण की प्रस्तुति दी। गायिका अंजू बिष्ट ने तू रैंदी मां दुर्गा..की प्रस्तुति दी जबकि गायक रविंद्र विक्रम शाह ने चैता की चैत्वाली.. प्रस्तुत कर युवाओं को थिरकने पर मजबूर किया। इस अवसर पर दल नायक रविंद्र चौहान के निर्देशन में रंगकर्मियों ने नंदादेवी राजजात, हनुमानजी, शिव-पार्वती, राधा कृष्ण की एक से बढ़कर एक झांकियों का प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का मन मोहा। कार्यक्रम का संचालन विनोद कपरवाण ने किया।
- फोटो समाचार-