कोटद्वार। खोह नदी के किनारे कुंभीचौड़ और रतनपुर (सनेह) गांवों के किनारे स्थित पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड में लगा कूड़े का ढेर दो दिन से सुलग रहा है। धुंए का गुब्बार ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। ग्रामीणों की सूचना पर आग बुझाने पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन धुआं कम नहीं हुआ है।
खोह नदी तट पर स्थित पालिका का ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े ने आग पकड़ ली है। बृहस्पतिवार की रात आग ने भयंकर रूप धारण किया, तो इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। फायर बिग्रेड ने ग्राउंड के अंदर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन कूड़े का पहाड़ अब भी सुलग रहा है। कुंभीचौड़ के प्रधान दीपक पांडेय और रतनपुर सनेह के प्रधान जगमोहन सिंह का कहना है कि पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड से लोग परेशान हैं। पिछले साल भी आग लगने से कई दिन तक धुएं के गुब्बार उठते रहे। पालिका के ईओ बीडी भट्ट का कहना है कि आतिशबाजी और पटाखों के कारण आग लगने की सूचना मिली है। आग को बुझाने के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं।