बैजरो। पूर्वी नयार नदी में क्याकिंग के पर्यटकों के इस सीजन में दूसरी बार यहां पहुंचने से स्थानीय लोग खुश हैं। पर्यटकों के पहुंचने से व्यापारियों में पर्यटन के क्षेत्र में उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में रीवर रॉफ्टिंग और अन्य साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा। पूर्वी नयार नदी दूधातोली से निकलकर सतपुली होते हुए व्यास चट्टी के पास गंगा नदी में मिलती है, लेकिन जून से अक्तूबर तक गंगा के तेज बहाव के कारण रिवर रॉफ्टिंग और क्याकिंग व नदी से जुड़े साहसिक पर्यटन जोखिम भरा होता है, जबकि इन दिनों पूर्वी नयार नदी का बहाव कम होता है। सामाजिक कार्यकर्ता और होटल व्यवसायी हर्षपाल चंद का कहना है कि नयार नदी में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय लोगों ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से नयार नदी को सहासिक खेलों के लिए पर्यटन के मानचित्र पर लाने और क्षेत्र में पर्यटकों के लिए सुविधाओं की मांग की है।