कोटद्वार। संयुक्त समाज सेवी संगठन सनेह पट्टी के बैनर तले क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन पर सनेह पट्टी में देह व्यापार, स्मैक और कच्ची शराब के बढ़ते प्रचलन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो मातृशक्ति और जनता उनसे स्वयं ही निपटेगी।
संयुक्त समाज सेवी संगठन सनेह पट्टी से जुड़े ग्रामीण मंगलवार को तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा, जिसमें कहा गया कि क्षेत्र में स्मैक, कच्ची शराब, देह व्यापार जैसे अवैध धंधे संचालित हो रहे हैं। इन अपराधों के कारण अराजकता का माहौल बन गया है। शासन-प्रशासन की लापरवाही से अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गत 25 सितंबर को देह व्यापार के मामले में कुछ लोगों को एक घर से पकड़ने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, जो पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने इस मौके पर सिद्धबली सनेह मार्ग पर मनचलों पर अंकुश लगाने, बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित कर 15 दिन के भीतर देह व्यापार, स्मैक, कच्ची शराब पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में अंजू पुंडीर, यशोदा थपलियाल, ऊषा देवी, शशि देवी, सुल्तान सिंह रावत, महानंद ध्यानी, जीएस रावत, चंद्रेश लखेड़ा, कैलाश पंथवाल आदि शामिल रहे।