कोटद्वार। दुगड्डा विकासखंड के झवाणा गांव में सड़क सुविधा न मिलने से भड़के ग्रामीणों ने 27 अगस्त को कोटद्वार तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन के साथ आंदोलन प्रारंभ करने की चेतावनी दी है।
ग्राम झवाणा सड़क संघर्ष समिति के संयोजक विक्रम सिंह और संरक्षक डा. रमेश जुयाल ने बताया कि संघर्ष समिति की बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली गई है। मुख्यमंत्री, वन एवं पर्यावरण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक को मांग पत्र सौंप दिया गया है। ग्राम पंचायत आमसौड़ के राजस्व ग्राम झवाणा में वर्तमान में 50 परिवार निवास करते हैं। स्थिति यह है कि सड़क के अभाव में ग्रामीणों को अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए पांच से छह किमी पैदल मुख्य सड़क तक आना पड़ रहा है। बैठक में पूर्व प्रधान दिनेश चंद्र जुयाल, गुणानंद जुयाल व रामचंद्र जुयाल ने कहा कि अब ग्रामीण अपने अधिकार के प्रति जागरूक हो गए हैं। 27 अगस्त को ग्रामीण तहसील मुख्यालय में आंदोलन शुरू करेंगे। इसके बाद आंदोलन आमसौड़ में शुरू होगा।