कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्र संघ सप्ताह का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन मेहंदी और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बुधवार को महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में डा. रीता शर्मा के मार्गदर्शन मेें मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने हाथों में मेंहदी रचाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। निर्णायक डा. सुषमा चमोली, डा. प्रीति खंडूड़ी और डा. नीता भट्ट द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर कुमारी मोनिका बड़थ्वाल ने प्रथम, मेनका ने द्वितीय और मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद जंतु विज्ञान विभाग में डा. संगीता बहुगुणा के मार्गदर्शन में स्वच्छता अभियान विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने पोस्टर के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। निर्णायक डा. स्मिता बडोला, डा. लता कैड़ा, डा. विनोद सिंह द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर मानसी चौहान ने पहला, प्रिया गौतम ने दूसरा और कंचन हिंदवान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
छात्र संघ प्रभारी डा. डीएम शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को कांफ्रेंस हाल में काव्य पाठ प्रतियोगिता और गणित विभाग में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष अरुण मोहन डोबरियाल, सचिव अनुराग रावत व कोषाध्यक्ष बॉबी बिष्ट आदि मौजूद थे।
-फोटो