लैंसडौन। सेना के परेड ग्राउंड में कदम से कदम मिलाते हुए देश की रक्षा करने का संकल्प लेकर गढ़वाल राइफल्स के 142 रिक्रूट शनिवार सुबह भारतीय सेना का अभिन्न अंग बने। इस मौके पर कर्नल रणदीप सिंह चड्ढा ने बतौर पुनरीक्षण अधिकारी रिक्रूटों को राष्ट्रीयता और रेजीमेंट की शपथ दिलाई। उन्होंने रिक्रूटों से राष्ट्र व रेजीमेंट की परंपराओं के अनुरूप देश सेवा में संलग्न रहने की अपील की।
पुनरीक्षण अधिकारी कर्नल रणदीप सिंह चड्ढा ने रिक्रूटों की परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। पुनरीक्षण अधिकारी ने युद्ध स्मारक में शहीद सैनिकों की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। इसके बाद सूबेदार दयाराम जोशी के नेतृत्व में आर्मी बैैंड की कदम-कदम बढ़ाए जा खुशी के गीत गाए जा, ए जिंदगी है कौम की तू कौम पर लुटाए जा...की धुन पर परेड कमांडर राइफलमैन रोहित कुमार के नेतृत्व में रिक्रूटों ने भव्य पासिंग आउट परेड का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अपने लाडलों की परेड देख रहे परिजनों और दर्शकों ने तालियों के साथ परेड की सराहना की।
रेजीमेंटल पुरोहित सूबेदार शशांक शेखर डिमरी ने राष्ट्रीय ध्वज टोली के साथ जाकर हर रिक्रूट का बायां हाथ धार्मिक ग्रंथ पर रखवाकर उन्हें यह संकल्प दिलाया कि उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक व अनुशासित रहकर करना है।
बेस्ट रिक्रूटों को किया गया सम्मानित
लैंसडौन। 34 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद विभिन्न क्रियाकलापों में अग्रणी रहे रिक्रूटों को पुनरीक्षण अधिकारी कर्नल रणदीप सिंह ने पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पदक विजेताओं में ओवर आल परफार्मेेंस के लिए राइफलमैन मोहित सिंह लिंगवाल को स्वर्ण, राइफलमैन गगन सिंह को रजत, राइफलमैन राहुल गैरोला को कांस्य पदक प्रदान किया गया। बेस्ट ड्रिल के लिए राइफलमैन रोहित कुमार को पदक प्रदान किया गया। बेस्ट फायरिंग में राइफलमैन प्रमोद सिंह, बेस्ट अनुदेशक के लिए हवलदार महाबीर सिंह को प्रशस्ति पत्र व बेस्ट प्लाटून कमांडर का प्रशस्ति पत्र सूबेदार ओम प्रकाश सिंह को दिया गया। चैंपियनशिप बैनर का खिताब सी कंपनी को दिया गया। इसके लिए सोहन सिंह रावत को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सैन्य अधिकारी, उनके परिवार, सैनिकगण तथा रिक्रूटों के परिजन मौजूद रहे।
-फोटो