कोटद्वार। बलूनी पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। बच्चों ने प्रस्तुतियों से देश के विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृतिकी छटा बिखेरी।
काशीरामपुर तल्ला स्थित विद्यालय प्रांगण में आयोजित वार्षिकोत्सव का प्रदेश के वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत और लैंसडौन विधायक दिलीप रावत ने शुभारंभ किया। वन मंत्री ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जरूरी बताया। कहा कि मंच पर प्रदर्शन करने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ स्वागत गीत और गणेश वंदना जय हो गणेश.. से किया गया। इसमें बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। नन्हे मुन्हें बच्चों ने जिंगल बेल जिंगल बेल.., छोड़ दो आंचल जमाना क्या कहेगा.., चैता की चैत्वाली.. और छात्राओं की जौनसारी लोकनृत्य पर मनमोहक प्रस्तुति ने सबको झूमने पर मजबूर किया। ओ गंगा बहती हो क्यूं... गीत पर बच्चों की प्रस्तुति समारोह में मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने गीत के माध्यम से लोगों को नदियों को स्वच्छ और निर्मल रखने की अपील की, वहीं हमें प्रेम से जीने दो.. नृत्य के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर बलूनी ग्रुप ऑफ एजूकेशन के चेयरमैन डा. नवीन बलूनी, बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, भाजपा महामंत्री राजेंद्र प्रसाद अंथवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, गढ़वाल सभा अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत व रोशन भारद्वाज आदि मौजूद थे।
-फोटो