कोटद्वार। दीपावली पर बाजारों में पटाखों की दुकान नहीं सजेगी, इसके लिए प्रशासन ने गाड़ी पड़ाव स्थित नगर पालिका की भूमि का चयन किया है। पटाखों की दुकानों के लाइसेंस गाड़ी पड़ाव में दुकान लगाने के लिए दिए जाएंगे। लाइसेंस के नियमों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को पुलिस और प्रशासन की ओर से कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शहर के व्यापारियों ओर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने पुलिस प्रशासन को दीवाली के पर्व को शांतिपूर्वक मनाने के लिए अपने सुझाव दिए। लोगों ने पर्व के अवसर पर बाजार में होने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव लाने के सुझाव दिए। कई लोगों ने बाहरी आपराधिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने की आशंका जताई। तो कुछ लोगों ने त्योहार के समय बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने का सुझाव दिया, जिस पर काफी देर तक हुई चर्चा के बाद एएसपी हरीश वर्मा ने कहा कि धनतेरस से लेकर बड़ी दिवाली तक शहर में भारी वाहनों के दिन के समय नो एंट्री रहेगी। बसों को बाईपास रूटों से निकाला जाएगा। नजीबाबाद चौक से तहसील तिराहा तक जीरो जोन रहेगा। इस स्थान पर दोपहिया वाहनों पर भी पाबंदी रहेगी। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने वालों से सचेत रहने और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
एसडीएम राकेश तिवारी ने कहा कि पटाखे की दुकानों के लिए गाड़ी पड़ाव से टैक्सी स्टैंड खाली कराकर वहां पटाखों की दुकानों को लगाने के लाइसेंस दिए जाएंगे। लाइसेंस के नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटाखों की दुकानें मार्केट में लगाने पर भड़के व्यापारी
कोटद्वार। कोतवाली में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में उस समय माहौल गरम हो गया जब एसडीएम राकेश तिवारी ने बाजार में पटाखों की दुकानें नहीं लगाने की बात की। उनके गाड़ी पड़ाव में पटाखों की दुकान लगाने के निर्देश देते ही व्यापारी भड़क गए। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि गाड़ी पड़ाव की छोटे से स्थान पर कोटद्वार के दुकानदार कैसे पटाखों की दुकान लगाएंगे। नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि लोगों की अपनी दुकानें हैं वे अपनी दुकान छोड़कर मात्र पटाखा बेचने के लिए गाड़ी पड़ाव नहीं जा सकते। काफी देर बहस के बाद एसडीएम ने दो टूक कहा कि पटाखों के लाइसेंस गाड़ी पड़ाव के लिए जारी होंगे। अन्य स्थान पर दुकान लगाने की जिम्मेदारी स्वयं दुकानदार की होगी।
- फोटो-
शुभ रात्रि....
नरेश थपलियाल