कोटद्वार। जयहरीखाल ब्लॉक के खैरासैंण से 14 मजदूर मैक्स बुक कर कोटद्वार तो पहुंच गए, लेकिन अपने घर चंदौसी (यूपी) जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण वे कोटद्वार में ही फंस गए हैं। जीएमओयू बस अड्डे के पास बैठे इन मजदूरों ने स्थानीय प्रशासन से उन्हें उनके गांव तक भेजने की गुहार लगाई है।
रविवार को जयहरीखाल ब्लाक के अंतर्गत खैरासैंण से 14 मजदूर तीन टैक्सी मैक्सी बुक कर कोटद्वार पहुंचे। यहां बाजार चौकी पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी और तहसील भेज दिया। रविवार होने के कारण तहसील कार्यालय बंद था तो वे वापस जीएमओयू लौट आए। श्रमिक पूरन सिंह, नरेश, सुंदर बॉबी, सुभाष, कालीचरण व संजय आदि ने बताया कि वे सभी सतपुली-खैरासैंण मार्ग पर रोड़ी तोड़ने का काम करते हैं और यूपी के संभल जिले के निवासी हैं। लॉकडाउन के चलते सड़क निर्माण कार्य बंद है। उन्होंने सतपुली पहुंचकर तहसीलदार और कोतवाल से उन्हें गांव भेजने की गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन ने उनकी कोई मदद नहीं की। कहीं से भी उन्हें खाद्य सामग्री नहीं मिल पाई। रविवार को वे सतपुली से छह हजार रुपये में तीन वाहन बुक कर अपने गांव जाने के लिए कोटद्वार पहुंच गए। मजदूरों ने बाजार चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन से उन्हें उनके घर चंदौसी जिला संभल (यूपी) जाने की अनुमति देने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नायब तहसीलदार आरपी ममगाईं ने बताया कि श्रमिकों के रहने और खाने की व्यवस्था की जाएगी।