कोटद्वार। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के सरकारी और गैरसरकारी विद्यालयों के स्वयंसेवियों ने बृहस्पतिवार को वृद्ध, असहाय और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए पोलिंग बूथ पहुंचाकर अहम जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान स्वयंसेवियों ने मतदान के लिए घंटों तक लाइन में लगे मतदाताओं को पानी भी पिलाया।
बृहस्पतिवार को जीजीआईसी कलालघाटी की एनएसएस इकाई की स्वयंसेवियों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कलालघाटी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जशोधरपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दूखाता, मिलन केंद्र जशोधरपुर व जीजीआईसी कलालघाटी आदि पोलिंग बूथों पर अपने-अपने क्षेत्र के वृद्ध, असहाय बुजुर्ग मतदाताओं को पोलिंग बूथ पहुंचाया और मतदान कराया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने मतदाताओं को वापस घर पहुंचाया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने घंटों तक मतदान की लाइन में खड़े लोगों को पानी भी पिलाया। इस अभियान में तनुजा, मानसी, सृष्टि, अंकिता, योगिता, शिवानी नेगी, संस्कृति व निकिता समेत 32 स्वयंसेवियों ने सहयोग किया। कार्यक्रम अधिकारी डा. मंजू कपरवाण सभी स्वयंसेवियों की मागदर्शक बनीं।
एमकेवीएन कण्वघाटी के स्वयंसेवियों ने बुजुर्ग मतदाताओं को भाबर क्षेत्र और कोटद्वार के विभिन्न पोलिंग बूथ पर पहुंचाया और मतदान कराया। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल कोटद्वार, जीआईसी कुंभीचौड़, जीआईसी वेदीखाल, जीजीआईसी लैंसडौन, पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत आदि विद्यालयों के स्वयंसेवियों ने वृद्ध, असहाय और दिव्यांग मतदाताओं को पोलिंग बूथ पहुंचाकर शत प्रतिशत मतदान कराने में सहयोग किया।
-फोटो