सतपुली। गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा संचालित सूबे की चार गैस एजेंसियां बंद नहीं की जाएगी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक को गैस एजेंसियों को बंद करने के आदेश वापस लेने के निर्देश दिए हैं।
जीएमवीएन ने पौड़ी जनपद के कोटद्वार भाबर, यमकेश्वर पोखड़ा और देहरादून जिले के त्यूणी में संचालित गैस एजेंसियों को घाटे का हवाला देते हुए एक जनवरी 2019 से बंद करने के निर्देश दिए थे। जीएमवीएन के फैसले से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सूबे के मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री से गैस एजेंसियों को बंद न करने की मांग की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने इन चारों स्थानों पर संचालित गैस एजेंसियों के बंद होने से ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों का हवाला देकर जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक को गैस एजेंसियों को बंद न करने के आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
इस फैसले से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी, भाजपा जिला महामंत्री नीरज पांथरी, भाजपा पोखड़ा मंडल अध्यक्ष राजपाल रावत, देवेंद्र भट्ट समेत अनेक भाजपाइयों ने पर्यटन मंत्री का आभार जताया है।