कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का दोबारा शिलान्यास करने पर रोष जताया ।
बैठक में वक्ताओं ने वन मंत्री पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मोटर मार्ग के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर टेंडर कराया गया था। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सोंलिग बिछाने के साथ ही दस फीट ऊंची सुरक्षा दीवार का निर्माण भी पूरा कराया गया था। पुलों के निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत कर दी गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि शेष आठ किमी. मोटर मार्ग सहित पूर्व में स्वीकृत फ्लाई ओवर के निर्माण को लेकर प्रदेश सरकार और वन मंत्री को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल, सुनीता बिष्ट, कृष्णा बहुगुणा, जगमोहन सिंह नेगी, विजय नारायण सिंह, बीडी नवानी, दर्शन सिंह रावत, रूपन नेगी, सुधा असवाल, कुसुम असवाल, विजय माहेश्वरी आदि ने विचार रखे।