कोटद्वार। राजकीय इंटर कालेज धोबीघाट में आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक मेें वक्ताओं ने विद्यालय में बुनियादी सेवाओं का अभाव, जर्जर भवन और शिक्षकों की कमी पर रोष व्यक्त किया। कहा कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं को जर्जर भवन में बैठकर शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से विद्यालय के भवन की मरम्मत कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में प्रभारी प्रधानाचार्य अतुल कुकरेती ने कहा कि विद्यालय में संसाधनों व शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्यालय में 180 छात्र-छात्राएं जीर्ण-शीर्ण भवन में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे बरसात में अनहोनी की आशंका बनी रहती है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष कृष्ण चंद्र भट्ट ने कहा कि जल्द ही विद्यालय के भवन की समस्या और शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए एक शिष्टमंडल क्षेत्रीय विधायक से मिलेगा। उसके बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।
बैठक में मनमोहन सिंह चौहान, बलबीर सिंह नेगी, गोविंदराम खर्कवाल, मेहरबान सिंह रावत, गुणानंद खर्कवाल, बबली देवी, रेनू देवी, गजेंद्र सिंह रावत, राम सिंह, भारत सिंह नेगी, सौरभ मिश्रा, भूदेव सिसोदिया व विनीता सेमवाल आदि मौजूद रहे।