कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत लोकमणिपुर के ग्रामीणों ने एक दबंग व्यक्ति पर तेलीस्रोत नाले के समीप गंदरियाखाल में सरकारी भूमि में कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार सरकारी भूमि पर कब्जे किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोग सड़कों पर उतरकर अवैैध निर्माण और कब्जों का विरोध करेंगे।
बुधवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि लोकमणिपुर तेलीस्रोत नाले के समीप गंदरियाखाल में एक व्यक्ति ने सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से भवन निर्माण करवा दिया है। नाले के किनारे भवन निर्माण होने से ग्रामीणों का रास्ता भी बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस में भी शिकायत की थी, लेकिन इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। राजस्व भूमि में हो रहे कब्जों से ग्रामीणों में रोष है। ज्ञापन सौंपने वालों में कांती प्रसाद, आनंद सिंह नेगी, किशन शर्मा, पूरन सिंह, जीवन सिंह, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, त्रिलोक चंद्र बहुगुणा, सतीश चंद्र भट्ट, कौशल्या देवी, सीताराम जखमोला व कृपाराम डबराल आदि मौजूद रहे।