कोटद्वार (ब्यूरो)। उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन उत्तराखंड ने विभिन्न मांगों के निस्तारण को लेकर मुख्य सचिव उत्तराखंड को पत्र भेजा है। संगठन ने 21 जुलाई को राजधानी मुख्यालय देहरादून में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसके बाद आंदोलनात्मक कार्यक्रम के लिए बैठक में रणनीति तय की जाएगी।
मुख्य सचिव को भेजे पत्र में प्रांतीय महामंत्री सुनील दत्त कोठारी और शिक्षक नेता रुपचंद्र लखेड़ा ने कहा कि शासन के सरकारी कार्यालयों में बायोमीट्रिक मशीन लगाए जाने के निर्देश के बाद गाइड लाइन निर्धारित न होने तक इसे स्थगित रखा जाए। उन्होंने यू-हेल्थ स्मार्ट कार्ड की सुविधा केंद्र सरकार की तर्ज पर सेवारत कार्मिकों के लिए तत्काल लागू करने, विभागों को पदोन्नतियों और सेवा संबंधी लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, 1 अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, केंद्र सरकार की तर्ज पर सातवें वेतनमान के भत्तों का तत्काल पुनरीक्षण कर लागू करने, फील्ड कर्मियों की भांति सभी कार्यालय कर्मचारियों को वाहन भत्ता अनुमन्य करने, बाल-विकास और उद्यान विभाग के कर्मियों की मांगों का निस्तारण करने की मांग की है। ब्यूरो