सतपुली। पोखड़ा ब्लॉक के ग्रामसभा गडरी के ड्वीला मल्ला गांव में बुधवार शाम को बकरी को गुलदार से छुड़ाते वक्त 13 वर्षीय किशोर पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। बृहस्पतिवार को परिजनों ने घायल बच्चे का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल में उपचार कराया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
ग्राम सभा गडरी के प्रधान मातबर सिंह ने बताया कि ग्रामीण भरत सिंह का पुत्र रविंद्र सिंह (13) घर से सौ मीटर नीचे खेत में अपने साथी अनीश रावत के साथ बुधवार शाम करीब 4:00 बजे बकरियां चरा रहा था। इस दौरान गुलदार ने हमला कर उनकी एक बकरी को खींचकर झाड़ियों में ले गया। दोनों बच्चे गुलदार से बकरी छुड़ाने के लिए झाड़ियों में पत्थर फेंकने लगे। इस पर गुलदार ने बकरी को छोड़कर दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। गुलदार ने रविंद्र पर पंजा मार दिया, जिससे उसकी गर्दन और सिर पर घाव हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल ले गए। जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। गुलदार के हमले में उनकी बकरी मर गई। गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दमदेवल के रेंज अधिकारी आरएस नेगी ने बताया कि वन कर्मियों ने चिकित्सालय पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली है। कहा कि घायल के परिजनों की ओर से मेडिकल रिपोर्ट व आवेदन मिलने पर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।