बीरोंखाल। मैठाणाघाट बाजार में दुकान की दीवार तोड़कर चोर दुकान में रखी एक लाख रुपये की नकदी और मोबाइल ले उड़े। मामले में पीड़ित दुकानदार ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है।
बृहस्पतिवार रात मैठाणाघाट बाजार में एक दुकान की दीवार तोड़कर वहां रखी नकदी और मोबाइल पर चोर हाथ साफ कर गए। घटना की जानकारी तब लगी, जब शुक्रवार सुबह दुकानदार दुकान खोलने मैठाणाघाट पहुंचा। ग्राम ग्वीन तल्ला निवासी दुकानदार मोहन सिंह ने बताया कि जैसे ही वह दुकान खोलने लगे तो दुकान की दीवार टूटी थी। दुकान के अंदर देखा तो वहां रखी एक लाख की नगदी और एक मोबाइल गायब मिला। चोरी हुई नकदी में से 60 हजार की नकदी एक ठेकेदार ने उन्हें बैंक में जमा करने के लिए दी थी। मोहन सिंह ने कहा कि पैसे शुक्रवार को बैंक में जमा कराने थे, लेकिन इससे पहले ही नकदी चोरी हो गई। इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी की घटना हो चुकी है। मामले में पीड़ित दुकानदार की पत्नी ललिता देवी ने थलीसैंण थाना पुलिस को तहरीर दे दी है। उन्होंने उप जिलाधिकारी थलीसैंण को भी शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी कोतवाल मनोज गैरोला ने बताया कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है।