कोटद्वार। उत्तराखंड वन विकास निगम स्केलर संघ गढ़वाल क्षेत्र ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बुुधवार को विशेष लेखा परीक्षा दल द्वारा वेतन निर्धारण में लगाई आपत्ति के विरोध में क्षेत्रीय प्रबंधक के कोटद्वार स्थित कार्यालय में सांकेतिक धरना दिया। इस मौके पर प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई करने की मांग की गई।
बुधवार को उत्तराखंड वन विकास निगम स्केलर संघ से जुड़े कर्मी काशीरामपुर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल क्षेत्र के कार्यालय पहुंचे, यहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक धरना दिया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने वेतन कटौती पर गहरा रोष जताते हुए इसे प्रबंधक मंडल की सोची समझी चाल बताया। कर्मियों ने कहा कि प्रबंधन मंडल ने जानबूझकर समयमान वेतनमान के आदेश/शासनादेश आडिट टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए, जिससे वेतनमान में अंतर आना स्वाभाविक है। प्रबंध मंडल के इस कदम का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस मौके पर मामले में न्यायालय की शरण में जाने पर भी सहमति बनी। इस मौके पर प्रबंध निदेशक वन विकास निगम को ज्ञापन प्रेषित कर शासन द्वारा गठित विशेष लेखा परीक्षा दल द्वारा स्केलर वेतन निर्धारण के संबंध में लगाई गई आपत्तियों का सुसंगत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री प्रकाश हेमदान, सुनील नेगी, रमेश खर्कवाल, सुरेंद्र नेगी, सुनील नेगी आदि शामिल रहे।