कोटद्वार। हंस फाउंडेशन की ओर से आयोजित मातृ छाया योजना के तहत फाउंडेशन के संस्थापक भोलेजी महाराज और माता मंगला ने छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन बैंडिंग एवं डिस्पोजल मशीन का शुभारंभ किया। शनिवार को नजीबाबाद रोड स्थित चंद्रज्योति कुंज में आयोजित समारोह का हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोलेजी महाराज, माता मंगला और प्रदेश के वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर माता मंगला ने कोटद्वार के शहीद मनदीप रावत और स्व. पत्रकार देवेंद्र सिंह को याद करते हुए उनके परिजनों की उचित सहायता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से दीन दुखियों की मदद करना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने हंस फाउंडेशन की सहायता का गलत उपयोग करने वाले लोगों को चेताया। कहा कि हंस फाउंडेशन के पास कुपात्र बनकर मदद लेने वाले पाप के भागी बनते हैं। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय बनाने के लिए लोगों को पैसे दिए जा रहे हैं, लेकिन लोग उस धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।
इस अवसर पर माता मंगला और भोलेजी महाराज ने सरस्वती विद्या मंदिर डुंडा उत्तरकाशी, सरस्वती शिशु मंदिर मुंसियारी पिथौरागढ़ को एक एक स्कूल बस, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उखीमठ रुद्रप्रयाग को एंबुलेंस, राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार और राजकीय इंटर कालेज हीराखाल यमकेश्वर को स्कूल फर्नीचर, दिव्यांग लाखामंडल देहरादून निवासी अनिल डोभाल और कोटद्वार निवासी महाराज सिंह को दिव्यांग स्कूटी, जिला जज कार्यालय परिसर और बार एसोसिएशन कोटद्वार, राजकीय परास्नातक महाविद्यालय भरत मंदिर, प्राथमिक विद्यालय कोटद्वार और होली एजुकेशन सोसाइटी ऋषिकेश को एक एक वाटर कूलर भेंट किया। इसके साथ ही जीआईसी सतपुली में महिला, पुरुष शौचालय और लेप्रोसी मिशन अस्पताल अल्मोड़ा के कुष्ठ रोगियों को आर्थिक, सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, इलाज कराना और एमसीआर का वितरण करने के कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह भंडारी, हंस फाउंडेशन के प्रदेश प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सरोजनी कैंत्यूरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष रश्मि राणा, जगमोहन सिंह नेगी, सतपाल सिंह नेगी व धीरेंद्र चौहान आदि मौजूद थे। समरोह का संचालन नागरिक मंच के अध्यक्ष विनोद कुकरेती ने किया।
- फोटो