कोटद्वार। पिछली दो बरसात में शहर में तबाही मचाने वाले पनियाली गदेरे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को सिंचाई, राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शिवपुर के समीप से पनियाली गदेरे की पैमाइश शुरू कर दी है। गदेरे में सर्वाधिक जद में आने वाले मकान सबसे पहले हटेंगे।
बरसात के दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में कहर बरपाने वाला पनियाली गदेरा जल्द ही अतिक्रमणमुक्त हो जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने इस गदेरे का अतिक्रमण पूरी तरह से हटाने का निर्णय लिया है। सिंचाई विभाग की ओर से किए गए प्रारंभिक सर्वे की रिपोर्ट में तीन किमी गदेरे में 130 अतिक्रमण चिह्नित कर इसकी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी गई थी। इसके सत्यापन के लिए अब नगर निगम, राजस्व विभाग को भी लगाया गया है। तीन विभागों की संयुक्त टीम ने शुक्रवार से गदेरे पर पैमाइश शुरू कर दी है।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अमित घिल्डियाल, राजस्व उपनिरीक्षक आशीष केमनी और नगर निगम के सुपरवाइजर मो. असलम की अगुवाई में शुरू हुई टीम ने शुक्रवार को नाले की चौड़ाई की पैमाइश की। उन्होंने बताया कि नाले की चौड़ाई 24 से 28 मीटर के बीच है। पूर्व में गदेरे के किनारे दिए गए पट्टों के आधार पर चिह्नीकरण किया जा रहा है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी जाएगी।
-फोटो