कोटद्वार। नगर निगम आज शुक्रवार से शहर में एक बार फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर रहा है। निगम के अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को पूर्व में चिह्नित स्थानों से अतिक्रमण खुद ही हटाने की हिदायत दी है। कहा है कि एनएच पर 58 और गोखले मार्ग पर पूर्व में चिह्नित 72 अतिक्रमण जल्द हटा दिए जाएंगे। इसमें अतिक्रमण हटाने का खर्चा भी संबंधित भवन स्वामी से ही वसूला जाएगा।
गत 19 जुलाई को नगर निगम और प्रशासन ने लालबत्ती चौक पर चार पक्की दुकानें और पांच खोखों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर अतिक्रमण के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया था। 25 जुलाई को एनएच पर 58 और गोखले मार्ग पर 72 अतिक्रमण चिह्नित कर उन्हें नोटिस थमा दिए गए थे। लाल निशान लगते ही लालबत्ती चौक से झंडाचौक तक दोनों ओर के भवन स्वामियों ने खुद ही अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए। इस बीच मानसून सत्र होने के कारण पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के आपदा में व्यस्त हो जाने से अभियान को रोक दिया गया था। बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने नगर में घूमकर पूर्व में चिह्नित अतिक्रमण को जल्द हटाने का फरमान सुना दिया है। सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी ने बताया कि शुक्रवार से नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए उतरेगी।