कोटद्वार। सुखरो पट्टी के सिमलचौड़ गांव में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी ऊर्जा निगम और प्रशासन को दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार सुबह सिमलचौड़ निवासी रणवीर सिंह नेगी (46) पुत्र कुंदन सिंह नेगी गोशाला से गोबर उठाकर पास के खेत में डालने जा रहा था। इसी दौरान उनके खेत में लगे बिजली के पोल का इंसुलेटर फट गया और तार जमीन पर आ गिरा। तारबाड़ के ऊपर तार गिरते ही रणवीर करंट की चपेट में आ गया। खेत में इंसुुलेटर फटने की आवाज होने पर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोग आनन-फानन में गंभीर रूप से जख्मी रणवीर को उठाकर बेस अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसआई अशोक सिरस्वाल ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की है। ऊर्जा निगम के ईई रघुराज सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।